पटियाला में भाकड़ा नहर पर बना लोहे का पुल ढहा, दो ट्रक फंसे

पटियाला (पंजाब): पंजाब के पटियाला जिले में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा उस समय हो गया जब भाकड़ा नहर पर बना लोहे का पुल अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय दो ट्रक पुल से गुजर रहे थे, जो पुल के ढहने के बाद मलबे के ऊपर खतरनाक स्थिति में लटक गए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय यातायात सामान्य रूप से चल रहा था, तभी अचानक पुल का एक हिस्सा धंस गया और देखते ही देखते पूरा ढांचा नीचे जा गिरा। पुल पर मौजूद दोनों ट्रक भी हादसे की चपेट में आ गए। राहत की बात यह रही कि शुरुआती जानकारी के अनुसार कोई बड़ा जनहानि का मामला सामने नहीं आया, हालांकि ट्रकों के चालक और अन्य लोगों में दहशत फैल गई।

जानकारी के मुताबिक, इस पुल का निर्माण राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा वर्ष 2016 में कराया गया था। निर्माण के दौरान दावा किया गया था कि पुल की आयु लगभग 100 वर्ष होगी। लेकिन निर्माण के महज दस वर्ष पूरे होने से पहले ही पुल का ढह जाना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने निर्माण गुणवत्ता तथा रखरखाव को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि पुल वास्तव में 100 वर्षों तक चलने के लिए बनाया गया था, तो इतनी कम अवधि में उसका ढह जाना जांच का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *