भिवानी में ₹1 लाख रिश्वत लेते AFSO गिरफ्तार:राशन डिपो का लाइसेंस जारी करने के बदले मांगे थे डेढ़ लाख; ₹20 हजार पहले लिए

भिवानी में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी (AFSO) मुकेश कुमार को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शिकायतकर्ता से राशन डिपो का लाइसेंस जारी करवाने के बदले कुल डेढ़ लाख रुपए मांगने का आरोप है। शिकायत के आधार पर ACB ने ट्रैप लगाकर कार्रवाई की। शिकायतकर्ता ने ACB को बताया कि भिवानी में तैनात AFSO मुकेश कुमार ने सुमन पत्नी कृष्ण के नाम राशन डिपो का लाइसेंस जारी करवाने के लिए डेढ़ लाख रुपए की मांग की थी। सुमन ने इस काम के लिए शिकायतकर्ता को अधिकृत किया हुआ था। शिकायत के अनुसार, आरोपी पहले ही 20 हजार रुपए ले चुका था। बाकी रकम में से एक लाख रुपए लेते हुए उसे गिरफ्तार किया गया। बाकी 30 हजार रुपए काम पूरा होने के बाद देने की बात तय हुई थी। ट्रैप लगाकर की गिरफ्तारी भिवानी विजिलेंस एवं एसीबी के इंचार्ज जगजीत सिंह ने बताया कि ACB भिवानी की टीम ने शिकायत के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। आरोपी को एक लाख रुपए की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। इस संबंध में थाना ACB हिसार में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है। रिश्वत मांगने पर यहां करें शिकायत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो प्रमुख एएस चावला ने आमजन से रिश्वत मांगने वाले सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की शिकायत करने की अपील की है। शिकायत ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप के जरिए फोटो, वीडियो, ऑडियो या दस्तावेजों के साथ दर्ज कराई जा सकती है। इसके अलावा टोल-फ्री नंबर 1064 और 1800-180-2022 तथा व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 पर भी शिकायत दी जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *