हरियाणा के जींद में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने जनस्वास्थ्य विभाग के सीनियर डिविजन क्लर्क (SDC) धर्मबीर गोयत को 15 हजार रुपए रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ठेकेदार के करीब 15 लाख रुपए के लंबित बिल पास करने के बदले 3% कमीशन मांगा था। ठेकेदार की शिकायत पर ACB ने जाल बिछाया और गुरुवार को उसके ऑफिस से ही दबोच लिया। ठेकेदार से रिश्वत की रकम लेने के बाद अपने पास काम करने वाले कर्मचारी मंजीत को दे दी थी। ACB ने कर्मचारी के पास से 15 हजार रुपए बरामद कर लिए। पूछताछ में कर्मचारी ने बताया कि SDC ने उसे रकम रखने के लिए दी थी। उसे रिश्वत के बारे में जानकारी नहीं थी। इसके बाद उसे सरकारी गवाह बना लिया गया। ACB ने धर्मबीर गोयत के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शुक्रवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा। आरोपी मूल रूप से करनाल जिले के टापू गांव का रहने वाला है और जींद की डिविजन नंबर-1 में तैनात था। दो साल से अटके थे 15 लाख के बिल गांव रामगढ़ निवासी ठेकेदार प्रदीप कुमार ने ACB को दी शिकायत में बताया कि वह जनस्वास्थ्य विभाग में ठेकेदारी करता है। उसके करीब दो साल से 15 लाख रुपए के बिल लंबित हैं। इनमें डिविजन नंबर-1 के 9 लाख और डिविजन नंबर-2 के 6 लाख रुपए के बिल शामिल हैं। शिकायत के अनुसार, इन बिलों को पास करने के बदले SDC धर्मबीर गोयत ने 3% कमीशन मांगा था। इसके बाद ठेकेदार ने ACB को शिकायत दी। 500-500 के नोटों में दी रिश्वत ACB ने शिकायत के आधार पर जाल बिछाया। गुरुवार दोपहर बाद ठेकेदार प्रदीप कुमार कार्यालय पहुंचा और धर्मबीर गोयत को 500-500 रुपए के नोटों में 15 हजार रुपए दिए। इसके बाद टीम ने एसाबी की टीम भी वहां पहुंच गई। जांच में सामने आया कि उसने रकम अपने पास रखने के बजाय HKRN कर्मचारी मंजीत को दे दी थी। ACB ने उसके पास से पूरी रकम बरामद कर ली। 1996 में क्लर्क भर्ती हुआ था आरोपी धर्मबीर गोयत मूल रूप से करनाल जिले के टापू गांव का रहने वाला है। वह फिलहाल जींद में जनस्वास्थ्य विभाग की डिविजन नंबर-1 में SDC के पद पर तैनात था। धर्मबीर फरवरी 1996 में क्लर्क के पद पर भर्ती हुआ था। जींद से पहले करनाल और पानीपत में भी सेवाएं दे चुका है। ACB इंचार्ज महेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए SDC को गिरफ्तार किया है। रिश्वत की रकम सेवादार के पास से बरामद हुई है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
Leave a Reply