सोनीपत में रामपाल के सतलोक आश्रम में 11 साल के बच्चे से छेड़छाड़ के आरोप में एक सेवादार गिरफ्तार किया गया है। सेवादार 4 दिन पहले ही आश्रम आया था, बच्चा भी अपने परिवार के साथ उत्तर प्रदेश से सेवा करने के लिए आश्रम पहुंचा था। घटना 23 सितंबर की है। घटना के बाद आश्रम से ही किसी ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मामला चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) तक पहुंचा। हालांकि, बच्चे के परिवार ने पहले शिकायत देने से इनकार कर दिया। इसके बाद CWC चेयरमैन अनीता शर्मा की शिकायत पर 24 सितंबर को बरोदा थाने में आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 74 और पॉक्सो एक्ट की धारा 10 के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। 25 सितंबर को उसे कोर्ट में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले को लेकर दैनिक भास्कर की टीम ने जब डीसीपी जितेंद्र गहलावत से बात की तो उन्होंने बताया कि चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) के माध्यम से धनाना आश्रम में बच्चे के साथ कुकर्म और छेड़छाड़ की सूचना मिली थी। सूचना के बाद बरोदा थाना प्रभारी टीम के साथ आश्रम पहुंचे और 11 वर्षीय बच्चे व उसके पिता को संरक्षण में लिया। CWC की सदस्य अनीता शर्मा के माध्यम से बच्चे की काउंसलिंग कराई गई और उसे मेडिकल जांच के लिए PGI खानपुर ले जाया गया। पहले जानिए CW अध्यक्ष और बच्चे के पिता ने क्या कहा… बच्चे को काउंसिलिंग के लिए ले गई CWC CWC अध्यक्ष अनीता शर्मा ने शिकायत में बताया कि 23 सितंबर को धनाना गांव स्थित सतलोक आश्रम में 11 वर्षीय बच्चे के साथ छेड़छाड़ की घटना की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो बच्चा अपने पिता के साथ मिला। इसके बाद बच्चे और उसके पिता को सपना बाल कुंज, खानपुर कलां ले जाया गया। वहां बच्चे की काउंसलिंग की गई। इसके बाद जांच के लिए बच्चे को खानपुर PGI ले जाया गया, जहां उसे भर्ती कर लिया गया। पिता ने मेडिकल कराने से इनकार किया 24 सितंबर को बच्चे के पिता के बयान दर्ज किए गए। उन्होंने बताया कि वह अपने दोनों बच्चों के साथ 19 सितंबर की शाम सेवा के लिए सतलोक आश्रम आया था। 22 और 23 सितंबर की रात आश्रम में कांसडी गांव निवासी सचिन के खिलाफ डायल-112 पर बच्चे से कुकुर्म की सूचना मिली। पुलिस के पहुंचने के बाद पिता अपने बेटे के साथ खानपुर PGI गया। वहां काउंसलिंग करने वाली महिला ने बच्चे से कुछ जानकारी ली। पिता ने बच्चे का मेडिकल कराने से मना कर दिया। हालांकि, काउंसलिंग के बाद उसने पुलिस को बयान दिए। CWC ने कहा- मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद जानकारी देंगे CWC अध्यक्ष अनीता शर्मा ने दैनिक भास्कर को बताया, ‘इस केस को मेंबर शिवप्रसाद ने डील किया है। FIR मेरी शिकायत पर ही दर्ज होती है। दो दिन से स्टेट की टीम विजिट पर आई हुई थी और मैं उसमें व्यस्त थी। वहीं, CWC मेंबर शिवप्रसाद शर्मा ने बताया कि बच्चे की मेडिकल रिपोर्ट अभी नहीं आई है। रिपोर्ट आने के बाद ही इस केस के बारे में कुछ बता पाएंगे। फिलहाल मामला अंडर प्रोसेस है। जब उनसे पूछा गया कि पुलिस से CCTV फुटेज ली गई है या नहीं, तो उन्होंने कहा, “अंडर प्रोसेस है।” इसके अलावा उन्होंने ज्यादा बातें बताने से इनकार कर दिया। बयान के आधार पर छेड़छाड़ का केस, आरोपी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में डीसीपी जितेंद्र गहलावत के मुताबिक CWC और बच्चे के पिता के बयान के आधार पर BNS की धारा 74 और पोक्सो एक्ट की धारा 10 के तहत छेड़छाड़ का केस दर्ज किया गया। इसके बाद आरोपी सचिन को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार सचिन सोनीपत के कासंडा गांव का रहने वाला है और डेरे में सेवादार के रूप में सत्संग करने आया था। आश्रम की तरफ से आरोपों पर नहीं मिला जवाब सतलोक आश्रम का पक्ष जानने के लिए दैनिक भास्कर रिपोर्टर ने आश्रम में मीडिया का काम देखने वाले कृष्ण को कॉल किया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। इसके बाद रामपाल के बेटे मनोज को वॉट्सऐप पर मैसेज भेजकर आरोपों पर उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई। वहां से भी कोई जवाब नहीं मिला। ——————– यह भी पढ़ें- हरियाणा-रामपाल का धर्मगुरुओं को शास्त्रों पर लाइव डिबेट का चैलेंज:बोला-हराने वाले को मिलेंगे ₹50 लाख, वेद-गीता, पुराणों पर होगी बहस; VIDEO डाल सबको ढोंगी बताया सतलोक आश्रम के संचालक रामपाल ने देश-दुनिया के तमाम बड़े हिंदू धर्मगुरुओं, मठाधीशों और आचार्यों को खुला चैलेंज दिया है। रामपाल ने दावा किया है कि वर्तमान में धर्मगुरु जनमानस को जो आध्यात्मिक ज्ञान दे रहे हैं, वह शास्त्रों के अनुकूल नहीं है। अपने इस दावे को सिद्ध करने के लिए उन्होंने धर्मगुरुओं को टीवी पर लाइव डिबेट की सीधी चुनौती दी है। यह डिबेट 3 और 4 अक्टूबर को प्रसारित की जाएगी। पूरी खबर पढ़ें…
Leave a Reply