यमुनानगर में एक्सीडेंट में स्क्रैप डीलर की मौत:दामाद के सामने कार ने मारी टक्कर, प्राइवेट अस्पताल में चल रहा था इलाज

यमुनानगर के जठलाना-खंडवा रोड पर गांव खंडवा नजदीक कार की टक्कर से घायल हुए 58 वर्षीय रमेश कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल रमेश कुमार को पहले सिविल अस्पताल यमुनानगर ले जाया गया था। इसके बाद उन्हें निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी कार ड्राइवर के खिलाफ पहले ही केस दर्ज कर रखा है। अब आरोपी की तलाश की जा रही है। स्क्रैप का सामान लेने जा रहा था गांव जठलाना निवासी रमेश कुमार स्क्रैप डीलर का काम करते थे। 21 सितंबर को वह अपनी मोटरसाइकिल से गांव की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान जठलाना-खंडवा रोड पर गांव खंडवा से कुछ आगे सामने से आई सफेद रंग की स्विफ्ट कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में रमेश कुमार सड़क पर गिर गए और उनके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। रमेश कुमार के दामाद प्रवीन कुमार ने पुलिस को बताया कि वह भी अपनी मोटरसाइकिल से उनके पीछे चल रहा था और उसने हादसा अपनी आंखों से देखा था। टक्कर के बाद कार ड्राइवर मौके पर रुक गया था, तो उसने नंबर नोट कर लिया। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू घायल रमेश कुमार को एम्बुलेंस से सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया गया। वहां से उन्हें आगे पीजीआई रेफर किया गया। इसके बाद उनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा था, जहां उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। वहीं आरोपी कार ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *