हिमाचल में 100 फीट से ज्यादा ऊंचा पहाड़ गिरा, VIDEO:25-26 सेकेंड तक गिरता रहा मलबा; नदी का बहाव रुका, धूल का गुबार उठा

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में सोमवार सुबह पहाड़ गिर गया। रोहड़ू के छोहारा ब्लॉक में जंगलिख पुल के पास 100 फीट से ज्यादा ऊंचा पहाड़ करीब 25 से 26 सेकेंड तक गिरता रहा। पहाड़ का मलबा सड़क पर आ जाने से गांव का रास्ता बंद हो गया। वहीं, मलबे के कारण सुंदरू नदी का बहाव भी कुछ देर के लिए रुक गया। पहाड़ गिरने से मौके पर धूल का गुबार उठ गया। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पहाड़ का हिस्सा भरभराकर गिरते हुए दिखाई दे रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने दोपहर बाद तीन बजे तक पांच जिले चंबा, कांगड़ा, ऊना, सोलन और सिरमौर जिला में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। शिमला, मंडी, कुल्लू, हमीरपुर और बिलासपुर में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान किन्नौर और लाहौल स्पीति की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी की संभावना है। धूल का गुबार और पानी रुकने की 2 तस्वीरें… बारिश-बर्फबारी से बढ़ी ठंड
वहीं, बीते दो दिन से हो रही बारिश और ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है। इससे ठंड बढ़ गई है। सुबह और रात के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है। कल्पा का पारा सामान्य से 12.1 डिग्री नीचे गिरा
किन्नौर के कल्पा में अधिकतम तापमान सामान्य से 12.1 डिग्री सेल्सियस नीचे गिरकर 8.2 डिग्री रह गया है। नाहन में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री कम होकर 21.8 डिग्री और चंबा में 4.8 डिग्री की गिरावट के साथ 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश और बर्फबारी के बाद न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। कल्पा में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री नीचे गिरने के बाद 4.4 डिग्री और ताबो 4.2 डिग्री सेल्सियस रह गया है। शिमला का पारा भी सामान्य से 1.1 डिग्री नीचे गिरने के बाद 12.6 डिग्री तक लुढ़क चुका है। 29 सितंबर से कमजोर पड़ेगा पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग के अनुसार 29 सितंबर से पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने लगेगा। इसके चलते मंगलवार को प्रदेश के कुछ भागों में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। 30 सितंबर को मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कुछ एक स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि प्रदेश के अन्य भागों में मौसम साफ रहने की संभावना है। मौसम साफ होने के साथ तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू होगी। 1 से 3 अक्टूबर तक मौसम साफ रहने के आसार
एक अक्टूबर से 3 अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून अभी सक्रिय है और इस सप्ताह इसके विदा होने की संभावना है। इस मानसून सीजन में 13% कम बारिश
हिमाचल में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 13 फीसदी कम बारिश हुई है। 1 जून से 27 सितंबर तक प्रदेश में सामान्य बारिश 731.2 मिलीमीटर रहती है, जबकि इस बार 634.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। ———– ये खबर भी पढ़ें… मोहाली-जालंधर में तेज बारिश, चंडीगढ़ में भी बरसे बादल, पंजाब में 1.8 डिग्री गिरा तापमान; बठिंडा सबसे गर्म पंजाब में सोमवार को मौसम बदल गया। चंडीगढ़, मोहाली और जालंधर में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज राज्य के 13 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इससे तापमान में 1.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, बठिंडा राज्य में सबसे गर्म रहा। (पढ़ें पूरी खबर)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *