हिमाचल सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू बीती शाम को विधायक सुंदर सिंह ठाकुर के साथ दिल्ली पहुंचे। सीएम सुक्खू आज कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) मीटिंग में भाग लेंगे। इसमें वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के खिलाफ आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। CWC के बाद सीएम कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चा कर सकते हैं। राज्य में एक पद मंत्री और डिप्टी स्पीकर का पद भरा जाना है। मंत्री पद पर सुंदर सिंह ठाकुर की ताजपोशी तय मानी जा रही है। संजय रत्न और आशीष बुटेल के नाम भी चर्चा में हैं। ऐसे में सीएम सुक्खू कैबिनेट विस्तार को लेकर हाईकमान से चर्चा करके आज शाम को वापस लौटेंगे। वहीं CWC में कांग्रेस आज SIR के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन का ऐलान कर सकती है। SIR को लेकर कांग्रेस पहले से ही केंद्र और चुनाव आयोग के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाए हुए है। पार्टी का आरोप है कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया में गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। कांग्रेस ने पहले ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान भी चलाया था। अब चुनाव आयोग के भीतर SIR और मतदाता सूची से जुड़े मामलों को लेकर कथित मतभेद सामने आने के बाद कांग्रेस ने अपना हमला और तेज कर दिया है। पार्टी की CWC बैठक में इसी मुद्दे पर आगे की राजनीतिक और संगठनात्मक रणनीति तय होने की संभावना है। CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग
कांग्रेस मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग कर रही है। पार्टी का कहना है कि चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं और SIR की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी CWC बैठक में CEC को हटाने की रणनीति पर चर्चा किए जाने की बात कही है। देशभर में प्रदर्शन, हिमाचल में भी आंदोलन
SIR के विरोध में कांग्रेस देश के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शन कर रही है। हिमाचल में भी कांग्रेस ने जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर डीसी के माध्यम से चुनाव आयोग को ज्ञापन भेजे हैं। शिमला में हुए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की थी और CEC ज्ञानेश कुमार का पुतला भी जलाया था। अब CWC की बैठक में आंदोलन को और व्यापक बनाने, पार्टी कार्यकर्ताओं को लामबंद करने और विपक्षी दलों के साथ समन्वय बढ़ाने पर चर्चा हो सकती है। कांग्रेस के बाद 30 सितंबर को विपक्षी INDIA गठबंधन की भी बैठक प्रस्तावित है, जिसमें चुनाव आयोग और SIR के मुद्दे पर संयुक्त रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।
Leave a Reply