चंडीगढ़ पुलिस ने अपने SI-ASI से करप्शन की धाराएं हटाई:661 करोड़ के घोटाले के आरोपी को होटल ले गए थे; DSP कोर्ट में तलब

चंडीगढ़ में 661 करोड़ रुपए के बैंक घोटाले के मास्टरमाइंड को चेकअप के बहाने होटल में ऐश कराने वाले SI और ASI पर लगी करप्शन की धारा को पुलिस ने हटा लिया है। पुलिस ने इस मामले में चंडीगढ़ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की। जिसमें घोटाले के मास्टरमाइंड विक्रम वधवा, उसके 2 बेटों और 2 पुलिस कर्मचारियों को आरोपी ठहराया गया है। हालांकि इसी में केस दर्ज करते वक्त SI-ASI पर लगी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा-7 और 8 हटा दी गई। कोर्ट ने पुलिस के इस फैसले को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए डीएसपी सेंट्रल एसपीएस सोंधी को आज कोर्ट में तलब किया है। कोर्ट ने DSP से जवाब मांगा कि चार्जशीट से करप्शन की धाराएं क्यों हटाई गईं। इससे पहले शनिवार शाम को भी डीएसपी कोर्ट में पेश हुए थे लेकिन उनके जवाब से कोर्ट संतुष्ट नहीं हुई। इस मामले में आज ही सुनवाई होगी। पहले जानिए, वधवा से जुड़ा घोटाला क्या है? चेकअप के बाद वधवा को जेल की जगह होटल ले गए
इस केस में गिरफ्तारी के बाद आरोपी विक्रम वधवा बुडैल जेल में बंद था। जेल में तबीयत खराब होने की शिकायत के बाद कोर्ट की अनुमति से उसे इलाज के लिए सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया था। आरोप है कि इलाज के बाद उसे वापस जेल ले जाने के बजाय सब-इंस्पेक्टर जगमेहर और एएसआई सुरिंदर निजी वाहन से सेक्टर-17 स्थित होटल सिटी हार्ट ले गए। विक्रम वधवा काफी देर तक होटल में रुका था। उसके परिवार के सदस्यों सहित कुछ अन्य लोगों ने भी उससे मुलाकात की थी। जांच के दौरान यह बात भी सामने आई थी कि होटल में विक्रम वधवा को ले जाने के दौरान उसकी संभावित फरारी की योजना को लेकर चर्चा हुई थी। हालांकि, इस संबंध में सामने आए आरोपों और साक्ष्यों का अंतिम परीक्षण अदालत में होना है। पुलिस की शिकायत पर दर्ज हुआ था केस
सेक्टर-17 थाना पुलिस ने डीएसपी सेंट्रल एसपीएस सोंधी की शिकायत पर सब-इंस्पेक्टर जगमेहर, एएसआई सुरिंदर, विक्रम वधवा और उसके बेटों करण वधवा व कुणाल वधवा के खिलाफ केस दर्ज किया था। FIR में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा-7 और 8 के साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 199, 261, 262, 62 और 61(2) लगाई गई थीं। इसी मामले में जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने कोर्ट में दाखिल चार्जशीट से करप्शन की धाराएं हटा दीं। दो पुलिसकर्मियों समेत पांच के खिलाफ दाखिल चार्जशीट
पुलिस ने जांच पूरी करने के बाद इस मामले में दो पुलिसकर्मियों समेत पांच आरोपियों के खिलाफ अदालत में चालान दाखिल किया है। इनमें सब-इंस्पेक्टर जगमेहर, एएसआई सुरिंदर, विक्रम वधवा और उसके बेटे करण वधवा व कुणाल वधवा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। विक्रम वधवा मूल रूप से चंडीगढ़ और पंचकूला से जुड़े 661 करोड़ रुपए के बैंक घोटाले में आरोपी है और होटल ले जाने की घटना के समय इसी मामले में न्यायिक हिरासत में था। DSP को इन सवालों का देना होगा जवाब
आज की सुनवाई में डीएसपी को कोर्ट में स्पष्ट करना होगा कि करप्शन की धाराएं हटाने का आधार क्या था और इन्हें हटाने का निर्देश किसने दिया था। इसके बाद अदालत चार्जशीट और मामले में पेश किए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *