हिमाचल में हिमकेयर की जगह नई बीमा योजना:10 लाख परिवारों को मिलेगा कवर; वैधता खत्म होने पर नया कार्ड बनवाना होगा

हिमाचल सरकार मौजूदा हिमकेयर व्यवस्था की जगह नई स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू करने जा रही है। सरकार ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर दी है। आदित्य बिरला इंश्योरेंस कंपनी को टेंडर में सबसे कम बोली लगाने पर एल-1 घोषित किया गया है। अब इस कंपनी को मुफ्त इलाज का जिम्मा सौंपा जाएगा। नई व्यवस्था में सरकार ने करीब 10 लाख परिवारों को स्वास्थ्य बीमा का लाभ देने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए सभी परिवारों को योजना के तहत स्वास्थ्य बीमा का लाभ लेने के लिए नया कार्ड बनवाना पड़ सकता है। मौजूदा लाभार्थियों के लिए राहत की बात यह है कि नई योजना शुरू होते ही पुराने कार्ड बंद नहीं होंगे। जिन हिमकेयर कार्डों की वैधता बाकी है, उन पर तय अवधि तक इलाज की सुविधा मिलती रहेगी। कार्ड की अवधि समाप्त होने के बाद लाभार्थियों को नई योजना के तहत पंजीकरण करवाकर नया कार्ड बनवाना होगा। हालांकि, इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों को लेकर सरकार के दिशा-निर्देश अभी आने बाकी हैं। सरकार देगी 4,200 रुपए, परिवारों से भी प्रीमियम लेने की तैयारी नई योजना में हर परिवार के बीमा के लिए सरकार बीमा कंपनी को सालाना 4,200 रुपए देगी। प्रदेश में करीब 10 लाख परिवारों को इस योजना से जोड़ने का लक्ष्य है। इस हिसाब से सरकार का सालाना खर्च करीब 420 करोड़ रुपए होगा। परिवारों के लिए प्रीमियम की दर अभी तय नहीं हालांकि, सरकार अब इस व्यवस्था में आर्थिक रूप से सक्षम परिवारों की भागीदारी भी चाहती है। ऐसे परिवारों से उनकी आर्थिक स्थिति के आधार पर प्रीमियम लेने का प्रस्ताव विचाराधीन है। यानी सभी लाभार्थियों को बीमा का लाभ एक जैसी शर्तों पर मिले, यह जरूरी नहीं होगा। किस श्रेणी के परिवार को कितना प्रीमियम देना होगा, इस पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। इसलिए नए कार्ड के लिए लोगों को कितनी रकम चुकानी पड़ेगी, यह स्पष्ट होने में अभी समय लगेगा। 5 लाख का बेसिक कवर, 5 लाख का टॉपअप नई बीमा व्यवस्था में परिवार को कुल 10 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा कवर देने का प्रस्ताव है। इसमें 5 लाख रुपए का बेसिक कवर और इसके ऊपर 5 लाख रुपए का टॉपअप कवर शामिल होगा। हालांकि, टॉपअप बीमा किन परिस्थितियों में और किस प्रक्रिया से मिलेगा, यह नई पॉलिसी की शर्तें जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल सरकारी अस्पतालों और डायलिसिस वाले निजी अस्पतालों में सुविधा नई योजना में हिमकेयर के तहत उपचार की सुविधा देने वाले सरकारी अस्पतालों को शामिल करने की तैयारी है। इसके अलावा डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध करवाने वाले कुछ निजी अस्पताल भी योजना के दायरे में रहेंगे। भविष्य में निजी अस्पतालों का नेटवर्क बढ़ाने पर सरकार अलग से फैसला ले सकती है। इसलिए लाभार्थियों को नए कार्ड के साथ यह भी देखना होगा कि उनके नजदीक कौन-कौन से अस्पताल इस योजना से जुड़े हैं। केवल कार्ड होने से हर निजी अस्पताल में कैशलेस इलाज की सुविधा मिलने की गारंटी नहीं होगी। आठ कंपनियों ने लिया था टेंडर में हिस्सा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा में हिमकेयर की जगह नई स्वास्थ्य बीमा व्यवस्था शुरू करने की घोषणा की थी। इसके बाद सरकार ने बीमा कंपनी के चयन के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की। इसमें कुल आठ कंपनियों ने भाग लिया। इनमें आदित्य बिरला इंश्योरेंस कंपनी को एल-1 घोषित किया गया है। अब नई व्यवस्था के संचालन की जिम्मेदारी इसी कंपनी को सौंपी जाएगी। कंपनी बीमा योजना के संचालन, अस्पतालों में उपचार से जुड़ी प्रक्रियाओं और लाभार्थियों के बीमा संबंधी काम संभालेगी। इसके लिए अस्पतालों में जरूरी स्टाफ और व्यवस्था भी कंपनी की ओर से उपलब्ध करवाई जाएगी। शिकायतों के समाधान के लिए बनेगा केंद्र नई व्यवस्था में लाभार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए शिकायत निवारण केंद्र भी बनाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इसका उद्देश्य लोगों को नई पॉलिसी और इलाज की सुविधा लेने में परेशानी से बचाना है। पूर्व सरकार ने शुरू की थी योजना वर्तमान में हिमकेयर कार्ड धारकों को सालाना 5 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज का प्रावधान है। यह योजना पूर्व की भाजपा सरकार ने शुरू की थी। इस योजना में उन लोगों को शामिल किया गया था, जो केंद्र की आयुष्मान योजना में कवर नहीं हो पाए थे। मौजूदा कांग्रेस सरकार इस योजना में बदलाव करने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *