गुरुग्राम में सेक्टर-85 स्थित द लीफ सोसायटी में BSF के DIG सत्यवान खांची के बेटे असीम की मौत मामले में नया खुलासा हुआ है। पुलिस और फोरेंसिक टीम की प्राथमिक जांच के बीच सामने आया है कि लड़का फ्लैट की बालकनी में लाइटिंग लगाते हुए 11वीं मंजिल से नीचे गिरा। परिजनों ने दावा किया है कि दीवाली के त्योहार पर फ्लैट की बालकनी पर लाइटिंग लड़ियां लगाते समय उसका बैलेंस बिगड़ गया। जिसके कारण वह नीचे गिर गया। गुरुवार को पुलिस ने असीम के शव का पोस्टमॉर्टम कराया, जिसमें उसकी दोनों पैरों की हड्डी टूटी मिली। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। अब जानिए पोस्टमॉर्टम में क्या सामने आया… दोनों पैरों की हड्डियां टूटीं डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा मृतक असीम के शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई है कि 11वें फ्लोर से नीचे जमीन पर गिरने के कारण असीम के दोनों पैरों की हड्डियां पूरी तरह टूट चुकी थीं। छाती में आई गंभीर अंदरूनी चोटें इसके अलावा छाती में आई गंभीर अंदरूनी चोटों और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी जान गई। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के हवाले कर दिया गया है। हालांकि, फोरेंसिंक टीम अब ये जांच रही कि पैर फिसला कैसे। हाई-प्रोफाइल मामला, पुलिस फूंक-फूंक कर रख रही कदम मृतक के पिता बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स में डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल के पद पर तैनात हैं, जिसके चलते मामला बेहद हाई-प्रोफाइल है। फोरेंसिक एक्सपर्ट्स ने बालकनी की रेलिंग की ऊंचाई, गिरने के एंगल और नीचे गिरने के स्थान से महत्वपूर्ण साक्ष्य और फिंगरप्रिंट्स जुटाए हैं। SHO बोले-पुलिस हर एंगल से कर रही जांच खेड़की दौला थाना के एसएचओ विनोद के मुताबिक, मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जांच रही है कि क्या सोसायटी के फ्लैट्स की बालकनी की रेलिंग तय मानकों के अनुरूप सुरक्षित थी या नहीं। पुलिस आसपास के फ्लैट्स में रहने वाले लोगों और घटना के समय सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात गार्ड्स के बयान दर्ज कर रही है। सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि घटनाक्रम का सही कारण स्पष्ट हो सके।
Leave a Reply