बाड़मेर में कार ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। इनमें एक बाइक पर था जबकि दूसरा कार में था। कार सवार 3 लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों को काफी देर तक मदद नहीं मिली। वे गाड़ी में ही फंसे रहे। हादसा रविवार सुबह करीब 8 बजे ग्रामीण थाना इलाके में NH-68 (जैसलमेर-बाड़मेर) पर भाडखा के पास हुआ। कार में चार दोस्त सवार थे। वे सूरत (गुजरात) से 15 दिन का प्लान बनाकर घूमने निकले थे। रास्ते में पेट्रोल पंप पर रुककर आराम करने के बाद निकलते ही एक्सीडेंट हो गया। रात में जैसलमेर से निकले थे बाड़मेर ग्रामीण थाना अधिकारी जसवंत सिंह राजपुरोहित ने बताया- गुजरात के सूरत निवासी राहुल (28) पुत्र रमेश भाई प्रजापति तीन दोस्तों मोहित कुमार, पार्थ वरिया और आकाश के साथ स्विफ्ट कार से घूमने निकला था। चारों गुरुवार रात सूरत से रवाना हुए थे। इसके बाद जैसलमेर के सम से शनिवार रात करीब 12 बजे बाड़मेर के लिए निकले। रविवार सुबह भाडखा के पास सामने से आ रही बाइक से उनकी कार की टक्कर हो गई। बाइक पर तिरसिंगड़ी (बाड़मेर) निवासी छोगाराम (20) पुत्र श्रवण राम था। हादसे में राहुल और छोगाराम की मौत हो गई। मोहित, पार्थ और आकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों का जिला हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। घायलों को मदद नहीं मिली, गाड़ी में ही फंसे रहे घायल आकाश ने बताया- हमने 15 दिन घूमने का प्लान बनाया था। हमने NH-68 पर भाडखा के पास पेट्रोल पंप पर करीब 4-5 घंटे सोकर आराम किया था। रविवार सुबह वहां से निकले थे। कुछ दूर जाने के बाद सामने से बाइक आई और दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। आकाश ने बताया- मौके पर लोग मौजूद थे, लेकिन उन्होंने हमें गाड़ी से बाहर निकालने में मदद नहीं की। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहुल और छोगाराम के शव मॉर्च्युरी में रखवाए। छोगाराम जैसलमेर के फतेहगढ़ जा रहा था। वह पेंटर था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। राहुल सूरत में कार डेकोरेशन का काम करता था। वहीं घायल आकाश रेस्टोरेंट संचालक है। … यह खबर भी पढ़ें… ट्रक की टक्कर से सरकारी स्कूल के लेक्चरर की मौत:छुट्टी के बाद लौट रहे थे घर; रोजाना कार में जाते थे, आज बाइक पर गए सीकर जिले में स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रहे सरकारी स्कूल के लेक्चरर नरेश सैनी (37) की सड़क हादसे में मौत हो गई। डाबला-नीमकाथाना रोड पर रामनगर के पास मिनी ट्रक (टाटा 407) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में नरेश सैनी गंभीर घायल हो गए। (पूरी खबर पढ़ें)
Leave a Reply