ट्रैक्टर से गिरकर टायर के नीचे आया ड्राइवर, मौत:हिमाचल में सामान छोड़ यमुनानगर लौट रहा था, एक साल पहले हुई थी शादी

यमुनानगर के व्यासपुर थाना क्षेत्र में मलिकपुर बांगर के पास सड़क हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली ड्राइवर की मौत हो गई। ड्राइवर अचानक संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर से नीचे गिर गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली का टायर उसके ऊपर से गुजर गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 24 वर्षीय शेखर निवासी गयाजुदीनपुर, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। शेखर की करीब एक साल पहले ही शादी हुई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल जगाधरी पहुंचाया। ट्रैक्टर से उछलकर नीचे गिरा जांच अधिकारी सुनील ने बताया कि शेखर ट्रैक्टर-ट्रॉली चलाने का काम करता था। वह 27 सितंबर रविवार की शाम को हिमाचल प्रदेश के कालाआंब से ट्रैक्टर-ट्रॉली में सामान छोड़कर यमुनानगर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान मलिकपुर बांगर के पास अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया। वह ट्रैक्टर से उछलकर सड़क पर जा गिरा। इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली का टायर उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद राहगीरों ने घायल शेखर को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर व्यासपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। शव को यूपी लेकर रवाना हुए परिजन पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। परिजनों के पहुंचने के बाद उनके बयान दर्ज किए गए। पुलिस ने सोमवार को शेखर के शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। परिजन शेखर का शव लेकर यूपी के लिए रवाना हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *