दिवाली पर हुड़दंग, सड़क हादसों और आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए हिमाचल के डीजीपी अशोक तिवारी ने प्रदेशभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए हैं। बाजारों, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाएगी। डीजीपी ने कहा कि शराब पीकर गाड़ी चलाने, ओवरस्पीडिंग, अवैध शराब, जुआ और नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। चिट्टा तस्करों पर भी पुलिस की नजर रहेगी। डीजीपी ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों (SP) को दिवाली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश जारी किए। उन्होंने साफ किया कि सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित जिलों के SP की होगी। उन्हें खुद फील्ड में उतरकर तैयारियों का निरीक्षण और निगरानी करनी होगी। बाजारों में भीड़ और ट्रैफिक दबाव कम करना होगा DGP ने बाजारों में भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए ट्रैफिक व पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा है। पटाखों के इस्तेमाल में सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करवाने और आगजनी की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए जिला प्रशासन और अग्निशमन विभाग के साथ समन्वय बनाने को कहा गया है। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम करने होंगे। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों पर नजर रखी जाएगी। आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाने के लिए ERSS-112 को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। बाजारों में व्यापारियों से समन्वय स्थापित करें: DGP DGP ने पुलिस अधिकारियों को बाजारों में व्यापारियों, बाजार समितियों और स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जिससे लोगों को त्योहार मनाने में परेशानी न हो। पुलिसकर्मियों को आम लोगों के साथ शालीनता और संवेदनशीलता से पेश आने के निर्देश दिए गए हैं। SP को अनुपालना रिपोर्ट निदेशालय भेजने होगी सभी जिलों के SP को 7 नवंबर तक पुलिस मुख्यालय में तैयारियों की अनुपालना रिपोर्ट सौंपनी होगी। ADG/CID और रेंज के IG-DIG सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। DGP ने कहा कि पुलिस की तैयारियों का आकलन बैठकों और निर्देशों से नहीं, बल्कि जमीन पर किए गए इंतजामों, रोकी गई घटनाओं और आपात स्थिति में कार्रवाई की गति से होगा। उन्होंने लोगों से सुरक्षित तरीके से दिवाली मनाने और किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस हेल्पलाइन 112 पर देने की अपील की है।
Leave a Reply