मंडी में युवक पर लोहे की पाइपों से हमला:बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो में पहुंचे, सिर-हाथ पर चोट आईं; 7 आरोपी रोहतक से गिरफ्तार

मंडी के नगवाईं में हरियाणा के युवकों में किसी बात को लेकर खूनी झड़प हो गई। इसमें तीन युवक घायल हो गए। घटना में गंभीर रूप से घायल रवि को नगवाईं से जोनल अस्पताल कुल्लू रेफर किया गया है। पुलिस ने हमला करने वाले हरियाणा के सात युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी रोहतक के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार हरियाणा के सात युवक शनिवार देर रात बिना नंबर की काले रंग की स्कॉर्पियो-एन गाड़ी में सवार होकर एक होटल के बाहर पहुंचे और रवि पर लोहे की पाइपों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए उसके दो साथियों के साथ भी मारपीट की। जिस युवक की पिटाई की गई, वह भी हरियाणा का ही रहने वाला है और मनाली घूमने जा रहा था। बताया जा रहा है कि रंजिश के चलते यह झगड़ा हुआ। आरोप है कि सातों ने नकाब पहने हुए थे और पहचान छिपाने के लिए बिना नंबर की स्कॉर्पियो-एन गाड़ी में मौके पर पहुंचे। गाड़ी से उतरने के बाद आरोपियों ने रवि पर लोहे की पाइपों से हमला कर दिया। युवक के सिर और हाथ पर गंभीर चोटें
हमले के दौरान युवक के सिर और हाथ पर चोटें आईं। इस दौरान उसके दो साथी बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी पाइपों और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसी गाड़ी में सवार होकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद औट पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस थाना औट में FIR नंबर 111/2026 दर्ज की गई है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 126(2), 115(2), 190 और 191(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने रोहतक के इन युवकों को गिरफ्तार किया
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनीत, प्रदीप, मंजीत, जगदीप, अंकित, मोनीत और अजय के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी हरियाणा के रोहतक जिले के रहने वाले हैं। आज कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड मांगेगी पुलिस
पुलिस आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश कर रिमांड मांगेगी। रिमांड के दौरान पुलिस हमले में इस्तेमाल की गई लोहे की पाइपों, वारदात में इस्तेमाल वाहन और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों के बारे में पूछताछ करेगी। साथ ही पुलिस पुरानी रंजिश के कारणों और हमले में प्रत्येक आरोपी की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है। मंडी पुलिस ने कहा है कि आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *